दुग्ध समितियों से लेकर ग्रामीण हाट तक, बिहार में सहकारिता मॉडल को मिलेगा विस्तार

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: जहानाबाद, 26 मई। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में सोमवार को जिला सहकारी विकास समिति (DCDC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने की। बैठक में सहकारिता गतिविधियों को मजबूत बनाने, पैक्सों के व्यवसाय विस्तार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले की उन 15 पंचायतों में जल्द से जल्द दुग्ध सहकारी समितियों के गठन का निर्देश दिया, जहां अब तक समितियां नहीं बन सकी हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादक किसानों को सहकारिता व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत किया जाए।

इसके अलावा हुलासगंज प्रखंड में मत्स्यजीवी सहयोग समिति के गठन को लेकर भी निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को अगले दो महीने के भीतर समिति का निबंधन सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि मत्स्य पालकों को सरकारी योजनाओं और सहकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

बैठक में पैक्सों के माध्यम से कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) सेवाओं को सक्रिय बनाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांवों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए और बैनर-पोस्टर सहित विभिन्न माध्यमों से लोगों को डिजिटल सेवाओं की जानकारी दी जाए। उन्होंने पैक्सों के जरिए अधिक से अधिक डिजिटल लेन-देन बढ़ाने पर बल दिया।

पैक्सों के व्यवसाय विविधिकरण को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने नाबार्ड के जिला प्रबंधक को निर्देशित किया कि पैक्सों और सहकारी बैंक के संयुक्त तत्वावधान में कार्यशाला आयोजित की जाए, ताकि ग्रामीण उद्यमिता और सहकारी संस्थाओं को और मजबूत बनाया जा सके।

बैठक में नाबार्ड की ओर से जानकारी दी गई कि पैक्स सरकारी, निजी अथवा अपनी भूमि को लीज पर लेकर ग्रामीण हाट संचालित कर सकते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक पैक्सों को इससे जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों के विपणन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

बैठक में अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिंह, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, नाबार्ड, डेयरी विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article