‘गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव-2026’ का हुआ शुभारंभ, जल संरक्षण के लिए जागरूकता रैली निकाली गई

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 16 मार्च 2026। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत गंगा और अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता तथा संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दरभंगा में “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव–2026” की शुरुआत की गई। समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति दरभंगा श्री कौशल कुमार ने “जल अर्पण” और जागरूकता पोस्टर का विमोचन कर किया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि गंगा और अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि गंगा भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है और इसकी निर्मलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जल संरक्षण को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण वैश्विक आवश्यकता बताते हुए वर्षा जल संचयन और जल संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया।

कार्यक्रम में जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति दरभंगा श्री फारूक इमाम ने बताया कि 16 मार्च से 31 मार्च तक चलने वाले इस पखवाड़े के दौरान जिले के विभिन्न जल स्रोतों और घाटों के आसपास स्वच्छता श्रमदान, जल संरक्षण शपथ, नुक्कड़ नाटक, पौधारोपण, जनजागरूकता कार्यक्रम और महाविद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य आम लोगों में जल संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी ने गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली समाहरणालय परिसर से शुरू होकर निबंधन कार्यालय, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, आयुक्त कार्यालय, ऑडिटोरियम, आदर्श मिडिल स्कूल, केएम टैंक शिव मंदिर, लोहिया चौक, लहेरियासराय टावर, पोस्ट ऑफिस और स्टेशन रोड होते हुए विकास भवन तक पहुंची।

रैली में 8 बिहार बटालियन के एनसीसी कैडेट्स, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने “हम सबने ठाना है, नदी-तालाबों को स्वच्छ बनाना है” और “नमामि गंगे, हर-हर गंगे” जैसे नारों के साथ लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन रौशन उपाध्याय ने किया। इस दौरान नमामि गंगे के स्वयंसेवक, जीविका कर्मी, नगर निगम के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share This Article