गया में गैस सिलेंडर की किल्लत से हाहाकार, एजेंसी पर लगी लंबी कतारें,नहीं हो रही बुकिंग !

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: बिहार के गया जिले में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव, खासकर ईरान और इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष का असर गैस और तेल की आपूर्ति पर भी पड़ रहा है।

इसी बीच गया जिले के इमामगंज खंड में बीस सूत्री अध्यक्ष संजय सिंह गैस एजेंसी पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि गैस सिलेंडर सीधे उपभोक्ताओं को दिया जाए और वेंडरों को माल न बेचा जाए, ताकि हर घर तक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

वहीं वार्ड संख्या 29 की पार्वती देवी समेत कई लोग गैस एजेंसी पर लंबी कतार में खड़े नजर आए।

लोगों का कहना है कि होली के बाद से अचानक सिलेंडर की भारी कमी हो गई है, जिससे घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में गैस की आपूर्ति सामान्य होगी और उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सकेगी।

आपको बता दें, भारत में बड़ी मात्रा में गैस कतर से आती है, ऐसे में आपूर्ति में कमी की आशंका को देखते हुए कई जगहों पर गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।

साथ ही वैश्विक स्तर पर मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने से क्रूड ऑयल की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव हो रहा है. इसका असर देश की पेट्रोलियम आपूर्ति पर भी पड़ सकता है.

इसी संभावित संकट को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए।

मंगलवार (10 मार्च 2026) को जारी निर्देश में कहा गया है कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना है। ऐसे में राज्य में एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कमी हो सकती है, जिससे गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ बढ़ने की आशंका है।

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि गैस एजेंसियों, पेट्रोल पंपों और संबंधित विक्रेताओं के आसपास लगातार निगरानी रखी जाए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनात किया जाए और जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए।

इसी को देखते हुए राज्य के सभी जिलों में पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के आसपास अतिरिक्त गश्त बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही खुफिया विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है कि कहीं भी जमाखोरी या कालाबाजारी की सूचना मिले तो तुरंत कार्रवाई की जाए।

Share This Article