गोपालगंज जहरीली शराब कांड: बिहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21 पुलिसकर्मी बर्खास्त

Sanjeev Shrivastava

पटना डेस्क
पटना: बिहार पुलिस ने अभी तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। चार साल पहले गोपालगंज के टाउन थाना क्षेत्र में हुए जहरीली शराब कांड में दोषी पाये गये 21 पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इस कार्रवाई को बिहार पुलिस की अभी तक की सबसे बडी कार्रवाई मानी जा रही है। ज्ञात हो कि गोपालगंज के शहर थाना क्षेत्र के खजुरबानी में वर्ष 2016 में जहरीली शराब पीने से 16 लोगों की मौत हो गयी थी। जिसके बाद जांच की प्रक्रिया शुरू हुई। जांच के बाद डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय ने दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त करने पर अपनी मुहर लगा दी है।

बता दें कि यह बिहार में शराबबंदी के बाद जहरीली शराब से हुई मौत का पहला मामला था। सरकार ने इसे काफी गंभीरता से लिया था। घटना के तुरंत बाद ही टाउन थाना के सभी पुलिस अफसर और जवान पर कार्रवाई की गई थी। उन्हें निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू कर गई। एसपी, डीआईजी और आईजी के बाद इस मामले की फाइल डीजीपी के पास पहुंची। मामले की गंभीरता और पुलिसकर्मियों की कर्तव्य के प्रति लापरवाही को देखते हुए डीजीपी ने उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का आदेश दिया है। बर्खास्त किए गए पुलिसकर्मी उस वक्त टाउन थाना में तैनात थे।

सारण रेंज डीआईजी विजय कुमार वर्मा ने बताया कि वर्ष 2016 में टाउन थाना क्षेत्र के खजुरबानी में जहरीली शराब पीने की वजह से 16 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले को पुलिस मुख्यालय ने काफी गंभीरता से लिया था। इसकी जांच भी चल रही थी। जांच के क्रम में 21 पुलिस पदाधिकारी और जवान अपने कर्तव्य के प्रति लापरवाह पाए गए। यही कारण है कि पुलिस मुख्यालय के द्वारा इन्हें बर्खास्त करने की कार्रवाई की गई है। इनमें कई ऐसे पुलिस पदाधिकारी और जवान हैं जो फिलहाल दूसरे जिले में पदस्थापित हैं। इनमें तीन दारोगा, पांच जमादार और 13 सिपाही शामिल हैं। ये राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात हैं। बिहार के सभी जिले के एसपी को इसकी सूचना दे दी गई है।

कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर दिलकश कुमार सिंह सारण, सब इंस्पेक्टर अमित कुमार मोतिहारी, सब इंस्पेक्टर अमरेंद्र कुमार सिंह सीवान, सब इंस्पेक्टर चंद्रिका राम सीवान, एएसआई मिथिलेश्वर सीवान, विनोद कुमार पांडेय सीवान, गुलाम मोहम्मद सारण, राज भरत प्रसाद सिंह मुजफ्फरपुर, नवल कुमार सिंह सीवान, पीटीसी सिपाही 416 पुष्पेंद्र ओझा गोपालगंज, पीटीसी 18 दिनेश्वर यादव गोपालगंज, पीटीसी सिपाही 620 मोहन प्रसाद सिंह बांका, सिपाही 147 धीरज कुमार राय गोपालगंज, सिपाही 480 शैलेंद्र कुमार अरवल, सिपाही 267 मनोज कुमार जहानाबाद, सिपाही 508 अनंजय कुमार सिंह बक्सर, सिपाही 70 नितेश कुमार सिंह पटना, सिपाही 383 विश्वजीत कुमार सारण, सिपाही 455 मुरली यादव गोपालगंज, सिपाही 579 मनीष कुमार सारण, 572 राकेश कुमार सिंह सारण, सिपाही 468 राहुल कुमार गोपालगंज में पदस्थापित हैं, जिन्हें बर्खास्त किया गया है।

Share This Article