गंगा के बढ़ते जलस्तर पर सरकार अलर्ट, अगले 48 घंटे विशेष निगरानी; एयरफोर्स से भी मांगी मदद,

Muskan Gupta

बिहार में नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर सरकार ने निगरानी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को जेपी गंगा पथ पहुंचकर गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अगले 48 घंटे विशेष निगरानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर सरकार पूरी तरह अलर्ट है। अगले 48 घंटे तक नदियों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन को किसी भी तरह की परेशानी न हो और उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। इसके लिए लगातार स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।

गंगा, गंडक और सोन में रिकॉर्ड पानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार गंगा, गंडक और सोन नदी में रिकॉर्ड पानी आया है। उन्होंने बताया कि यह स्थिति उस समय बनी है, जब बिहार में इस वर्ष सामान्य से 32 प्रतिशत कम बारिश हुई है। बढ़ते जलस्तर के कारण प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

राहत और बचाव पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए सरकार पूरी तरह मुस्तैद है। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी भी रखी जा रही है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एयरफोर्स से भी मदद मांगी गई है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा।

डेस्क : NEWS PR

Share This Article