वीडियो जारी कर ज्ञान बिंदु का पलटवार, खान सर पर साजिश रचने का आरोप

खान सर कोचिंग विवाद में नया ट्विस्ट, फायरिंग वीडियो जारी कर ज्ञान बिंदु ने उठाए कई बड़े सवाल

Rashmi Tiwari

पटना में चर्चित खान सर कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। घटना के एक दिन बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से जारी किए गए एक वीडियो ने पूरे मामले को फिर से सुर्खियों में ला दिया है। वीडियो के आधार पर ज्ञान बिंदु प्रबंधन ने दावा किया है कि 2 जून की रात हुई कथित फायरिंग खान सर के गार्ड द्वारा की गई थी और पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।

गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज्ञान बिंदु टीम के सदस्य आदर्श ने वीडियो सार्वजनिक करते हुए कहा कि फायरिंग की घटना पूर्व नियोजित थी। उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर ने खुद फायरिंग करवाकर उनकी संस्था को बदनाम करने की साजिश रची। आदर्श ने यह भी सवाल उठाया कि जारी वीडियो में ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं, फिर उनकी गिरफ्तारी किस आधार पर की गई। उन्होंने खान सर की गिरफ्तारी की मांग भी की।

वहीं वीडियो सामने आने के बाद पटना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस टीम खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंची और मामले की जांच के तहत वहां तैनात दो गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गौरतलब , 2 जून की रात करीब 10 बजे खान सर के कोचिंग सेंटर पर कुछ लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया था। आरोप था कि हमलावरों ने गार्ड के साथ मारपीट की, पत्थरबाजी की और कोचिंग सेंटर के पोस्टर-बैनर फाड़ दिए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे खान सर ने शुरुआत में 8 से 10 राउंड फायरिंग होने का दावा किया था, हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान में बदलाव किया।

- Advertisement -

इस मामले में खान सर की ओर से ज्ञान बिंदु कोचिंग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस कार्रवाई के तहत ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद और उनके सहयोगियों अभिषेक व गौरव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के बाद रौशन आनंद ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें और उनकी संस्था को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उनका दावा है कि पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ज्ञान बिंदु को खत्म करने और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

वहीं अब नए वीडियो के सामने आने के बाद मामले की जांच एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है। पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें किए गए दावों की जांच कर रही है। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच के आधार पर इस हाई-प्रोफाइल कोचिंग विवाद में नए खुलासे हो सकते हैं।

Share This Article
Hide Ads for Premium Members by Subscribing
Hide Ads for Premium Members. Hide Ads for Premium Members by clicking on subscribe button.
Subscribe Now