देवघर की पावन धरती पर रविवार को बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर में संकल्प लेने के बाद उन्होंने बाबा बैद्यनाथ को अर्घ्य अर्पित किया और जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने बिहार समेत पूरे देश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही। निशांत कुमार ने श्रद्धापूर्वक पूजा संपन्न की और मंदिर की परंपराओं के अनुसार बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लिया।
पूजा के बाद उनका एक अलग और सहज अंदाज भी देखने को मिला। मंदिर परिसर से बाहर निकलने के बाद वे पास की गली में स्थित चूड़ी-लहठी की दुकान पर पहुंचे। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक यहां उन्होंने अपने परिवार की महिलाओं के लिए चूड़ियां और लहठी खरीदीं। बता दें कि मंत्री का यह सरल और पारिवारिक अंदाज स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
देवघर प्रवास के दौरान निशांत कुमार ने बाबा बैद्यनाथ से बिहार और देशवासियों के लिए सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। धार्मिक आस्था के साथ उनके इस सहज व्यवहार ने उनके दौरे को खास बना दिया।