बिहार में होली की धूम, चिराग पासवान ने कार्यकर्ताओं संग खेला रंग

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना। बिहार में होली की आहट के साथ ही सियासी सरगर्मी भी तेज हो गई है। रंगों के इस त्योहार पर जहां आम लोगों में उत्साह दिख रहा है, वहीं राजनीतिक दल भी इसे संगठनात्मक मजबूती के अवसर के रूप में देख रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोमवार को अपने दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ होली मिलन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। होली गीतों और ढोल-नगाड़ों के बीच कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

यह आयोजन ऐसे समय में हुआ है जब बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव प्रस्तावित हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन एनडीए के भीतर सीटों को लेकर चर्चा जारी है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार दो सीटें भाजपा और दो जदयू के खाते में जाना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि पांचवीं सीट को लेकर बातचीत चल रही है। एलजेपी-आर भी इस सीट पर दावेदारी जता रही है।

चिराग पासवान ने विश्वास जताया कि सभी पांचों सीटों पर एनडीए के उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे। उनके बयान को राज्यसभा चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Share This Article