दानापुर में खौफनाक वारदात: बहन की गोली मारकर हत्या के बाद सिपाही ने दी जान

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पटना/दानापुर: दानापुर में मंगलवार रात एक सनसनीखेज घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मिथिला कॉलोनी मोड़ के पास बिहार पुलिस के एक सिपाही ने अपनी 21 वर्षीय बहन को सर्विस पिस्टल से गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय ओमचंद उर्फ सोनू और उनकी 21 वर्षीय शादीशुदा बहन गायत्री कुमारी के रूप में हुई है। ओमचंद मूल रूप से औराही, मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे। वह बिहार पुलिस में सिपाही थे और वर्तमान में मोतिहारी जिला बल में पदस्थापित थे। बताया जा रहा है कि वह करीब एक साल से दानापुर में किराए के मकान में रह रहे थे।ओमचंद की वर्ष 2024 में अनुकंपा के आधार पर बिहार पुलिस में नियुक्ति हुई थी।
पहले बहन को मारी गोली, फिर खुद को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब आठ बजे मिथिला कॉलोनी मोड़ के पास दो लोगों को गोली लगने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ओमचंद ने अपनी सर्विस पिस्टल से पहले बहन गायत्री को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली।
सिटी एसपी वेस्ट संकेत कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और घरेलू परिस्थितियां सामने आ रही हैं। पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि गायत्री मानसिक रूप से परेशान थीं और मुजफ्फरपुर में उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह क्या थी, यह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटनास्थल से हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल, दो खोखे, दो मैगजीन, 33 जिंदा कारतूस और दो फायर बुलेट बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले भाई-बहन के बीच क्या बातचीत हुई थी और विवाद की वास्तविक वजह क्या थी।दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article