कटिहार में भीषण सड़क हादसा: बस-पिकअप टक्कर में 10 की मौत, कई गंभीर

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: कटिहार, 11 अप्रैल। कोढ़ा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। NH-31 पर गेड़ाबाड़ी के पास बस और पिकअप वैन की आमने-सामने टक्कर में अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 25 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

हादसा इतना भयावह था कि टक्कर की चपेट में आकर दो मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। बाइक सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि हरदा से पूर्णिया जा रही बस अनियंत्रित थी और चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस ने रास्ते में पहले भी टक्कर मारी थी। दातपुर मुसहरी चौक के पास पहुंचते ही बस की सामने से आ रही पिकअप वैन से जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस प्रशासन के मुताबिक, स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और यातायात व्यवस्था को बहाल कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share This Article