गया जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.835 किलोग्राम चांदी के आभूषण और चांदी बरामद की है। इस मामले में पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग, पटना को सूचना दी गई है। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत 36 लाख 34 हजार 575 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के निर्देशन में आरपीएफ की टीम गया जंक्शन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली छोर के फुट ओवरब्रिज के पास प्लेटफॉर्म संख्या 6 और 7 की ओर भारी पीठू बैग लेकर जा रहे एक व्यक्ति पर संदेह हुआ। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की
उसने अपना नाम जमशेद अली मलिक (36 वर्ष), निवासी उदयचक, थाना दासपुर, जिला पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल बताया बैग की जांच में 14.835 किलोग्राम चांदी के आभूषण और चांदी मिली। संबंधित व्यक्ति मौके पर इनके परिवहन और अपने कब्जे में रखने का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद चांदी जब्त कर व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। मामले में आयकर विभाग, पटना द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गया से आशीष कुमार की रिपोर्ट ;-