NEWS PR डेस्क: पटना, 31 मार्च। राजधानी पटना में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों ने जिले के कुल 221 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया और स्टॉक, वितरण, शुद्धता, लाइसेंस की स्थिति तथा सुरक्षा मानकों का विस्तृत परीक्षण किया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने प्रत्येक पेट्रोल पंप पर इस माह प्राप्त ईंधन की मात्रा, बिक्री के आंकड़े और मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। साथ ही उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनका फीडबैक और सुझाव भी लिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि पटना में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ पेट्रोलियम उत्पाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हैं।
निरीक्षण के बाद सभी अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में अपनी रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की जांच लगातार जारी रहेगी।
साथ ही, अनुमंडल पदाधिकारियों को नियमित अनुश्रवण करने और व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ईंधन आपूर्ति में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।