NEWS PR डेस्क : दानापुर रेल मंडल के फुलवारी शरीफ स्टेशन के पास पटना-आरा पैसेंजर ट्रेन से एक नाबालिग लड़की के गिरने की घटना सामने आई है। आरोप है कि ट्रेन में सफर के दौरान उसके साथ मौजूद युवक ने कथित तौर पर उसे धक्का दे दिया। घटना के बाद रेल पुलिस ने घायल किशोरी को इलाज के लिए गर्दनीबाग अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
इंस्टाग्राम से हुई थी दोनों की पहचान
जानकारी के अनुसार, आरा निवासी नाबालिग की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से वैशाली निवासी एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और कुछ समय बाद उनकी दोस्ती कथित तौर पर प्रेम संबंध में बदल गई। किशोरी के अनुसार, कुछ दिन पहले वह घर से निकल गई थी और इसके बाद से युवक के साथ रह रही थी। बुधवार को दोनों पटना-आरा पैसेंजर ट्रेन से आरा जाने के लिए सवार हुए थे।
ट्रेन खुलते ही हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि फुलवारी शरीफ स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के दौरान किसी बात को लेकर युवक नाराज हो गया। आरोप है कि इसी दौरान उसने किशोरी को कथित तौर पर धक्का दे दिया, जिससे वह चलती ट्रेन के नीचे गिर गई। गनीमत रही कि हादसे में किशोरी को गंभीर चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलते ही दानापुर आरपीएफ और पटना जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और घायल लड़की को अस्पताल पहुंचाया।
घटना को लेकर पुलिस कर रही जांच
रेल पुलिस के मुताबिक, किशोरी घटना के कारण और युवक द्वारा धक्का दिए जाने की बात को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं दे रही है। पुलिस युवक की पहचान और उसके संभावित ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। पटना जंक्शन रेल थाना इंस्पेक्टर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।