NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 20 फरवरी 2026। दरभंगा के जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय कक्ष में “उद्योग संवाद कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करना, उद्यमियों की समस्याओं को समझना तथा राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करना था।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित निवेशकों एवं उद्यमियों से उनके व्यवसाय की वर्तमान स्थिति, उत्पादन क्षमता, रोजगार सृजन, विपणन व्यवस्था और विस्तार की संभावनाओं पर विस्तार से फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत “सशक्त बिहार” के निर्माण में उद्योगों की स्थापना तथा विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने उद्यमियों से उनकी समस्यों के बारे में जानकारी लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन उद्योगों के अनुकूल वातावरण के सृजन हेतु पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
स्टार्टअप गतिविधियों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले में संचालित स्टार्टअप इकाइयों का प्रचार-प्रसार “स्टार्टअप फेसबुक पेज लाइव” के माध्यम से किया जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों के प्रति प्रेरित किया जा सके।
बैठक में उपस्थित सफल उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशासनिक सहयोग एवं सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर उद्योगों को सफलतापूर्वक स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन द्वारा प्रदान किए जा रहे सहयोग की प्रशंसा की। जिलाधिकारी ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिये शुभकामनाएँ दीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन उद्योगों की स्थापना, निवेश प्रोत्साहन तथा रोजगार सृजन हेतु निरंतर संवाद और समन्वय की प्रक्रिया जारी रखेगा, जिससे दरभंगा जिला औद्योगिक विकास की दिशा में अग्रणी बन सके।
इस अवसर पर सुरूची कुमारी, प्रभारी महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, दरभंगा, श्री ब्रजेश कुमार, प्रबंधक, बियाडा तथा अन्य उद्योग विभाग के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।