NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 30 मार्च: जिले में भूमि संबंधित कार्यों को सुचारु और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में रविवार को राजस्व कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) संजीत कुमार ने की।
कार्यशाला में म्यूटेशन और जमाबंदी से जुड़े लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। डीसीएलआर ने सभी अंचल और राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
लाइव डेमो से समझाई प्रक्रिया
कार्यशाला के दौरान संजीत कुमार ने कंप्यूटर और प्रोजेक्टर के माध्यम से म्यूटेशन, जमाबंदी और वंशावली की पूरी प्रक्रिया का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। उन्होंने अधिकारियों को तकनीकी पहलुओं को समझाते हुए कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया।
लंबित मामलों के जल्द निपटारे का निर्देश
“भूमि सुधार जन कल्याण संवाद” और राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए डीसीएलआर ने स्पष्ट कहा कि लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने दिया भरोसा
बैठक में मौजूद अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी, सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी और पंचायत सचिवों ने आश्वासन दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेंगे और जनता को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।
इस कार्यशाला के जरिए प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि भूमि संबंधी सेवाओं में अब देरी और अनियमितता को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।