मोतिहारी में अंतर्जिला चोर गिरोह का भंडाफोड़, लाखों के आभूषण और हथियार बरामद

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: मोतिहारी: जिले में लगातार हो रही संगठित चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन जिलों में सक्रिय अंतर्जिला चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो देसी कट्टे, एक जिंदा कारतूस, एक लाख रुपये नकद, चोरी की रकम से खरीदी गई तीन महंगी बाइकें तथा लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जितेश कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समस्तीपुर जिले के चकहोसी भुसकौल निवासी शंभू साह (वर्तमान पता- मधुबनीघाट, मुफस्सिल थाना क्षेत्र), बेलारी निवासी धर्मेंद्र साह और पूर्वी चंपारण के बिजुलिया निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है।
चोरी के पैसों से खरीदी थीं महंगी बाइकें
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरोह के मुख्य सरगना धर्मेंद्र साह ने स्वीकार किया कि चोरी से मिले पैसों से वे महंगी बाइकें खरीदते थे। बरामद तीनों बाइकों की कीमत करीब एक लाख से तीन लाख रुपये के बीच है। इनका इस्तेमाल गिरोह चोरी की वारदातों को अंजाम देने और घटना के बाद तेजी से फरार होने के लिए करता था।
तीन महीनों में दो दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने पिछले तीन महीनों में पूर्वी चंपारण के विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब दो दर्जन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। इनमें मुफस्सिल थाना क्षेत्र में छह, पकड़ीदयाल में छह, जबकि चकिया, पताही, चिरैया और मधुबन थाना क्षेत्रों में भी कई वारदातें शामिल हैं। इसके अलावा पश्चिमी चंपारण के मझौलिया और बनकटवा तथा समस्तीपुर के घटहोली और मुफस्सिल थाना क्षेत्रों में भी इनके खिलाफ चोरी के मामले दर्ज हैं।
छापेमारी में जेवर और चोरी के औजार बरामद
गिरफ्तार आरोपी शंभू साह की निशानदेही पर पुलिस ने मधुबनीघाट स्थित उसकी ससुराल और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान सोने-चांदी के कई आभूषण, जिनमें अंगूठी, कंगन, नथिया, पायल, बिछिया, हार और लॉकेट शामिल हैं, के साथ चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी जेल जा चुके हैं। गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों अनज साह, बजरंग सहनी और वीरेंद्र साह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट ।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article