आईटीबीपी की वीरांगनाओं ने रचा इतिहास, एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी बधाई

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 22 मई। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की महिला पर्वतारोहियों ने इतिहास रचते हुए दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर देश का गौरव बढ़ाया है। आईटीबीपी की पहली सर्व-महिला एवरेस्ट अभियान टीम ने कठिन परिस्थितियों को मात देते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस सफलता पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण बताया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “माउंट एवरेस्ट पर ITBP के प्रथम सर्व-महिला अभियान दल की ऐतिहासिक सफलता हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। सभी 11 वीरांगनाओं ने साहस, संकल्प और नारी शक्ति का अद्भुत परिचय देते हुए विश्व की सर्वोच्च चोटी पर तिरंगा लहराया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”

आईटीबीपी का यह अभियान 19 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली से शुरू हुआ था। टीम में कुल 14 सदस्य शामिल थे, जिनमें 11 महिला पर्वतारोही थीं। पर्वतारोहियों ने भारत और नेपाल में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया और ऊंचाई वाले इलाकों में खुद को कठिन मौसम के अनुकूल ढालने की तैयारी की। इसके बाद टीम ने नेपाल के साउथ कोल रूट से एवरेस्ट की चढ़ाई शुरू की, जिसे सबसे चुनौतीपूर्ण रास्तों में गिना जाता है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

पहली टीम ने 21 मई 2026 को रात 12 बजकर 52 मिनट पर माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर तिरंगा फहराया। 8,848 मीटर ऊंची इस चोटी पर चढ़ाई बेहद कठिन मानी जाती है। 8 हजार मीटर से ऊपर के क्षेत्र को “डेथ जोन” कहा जाता है, जहां ऑक्सीजन की भारी कमी, तेज बर्फीली हवाएं और लगातार बदलता मौसम पर्वतारोहियों के लिए बड़ी चुनौती बनता है।

इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद आईटीबीपी की महिला टीम ने साहस, धैर्य और मजबूत टीमवर्क का परिचय दिया। आईटीबीपी ने इस अभियान को महिला सशक्तीकरण का बड़ा संदेश बताया है। बल का कहना है कि यह उपलब्धि साबित करती है कि महिलाएं किसी भी चुनौती को पार करने में सक्षम हैं।

अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा गया। टीम ने “स्वच्छ हिमालय-ग्लेशियर बचाओ अभियान” चलाते हुए पहाड़ों पर फैले गैर-जैविक कचरे को भी इकट्ठा किया। इसका उद्देश्य हिमालय को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखना था।

गौरतलब है कि आईटीबीपी लंबे समय से पर्वतारोहण अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है और अब तक 232 पर्वतारोहण अभियान सफलतापूर्वक पूरे कर चुका है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article