NEWS PR डेस्क: पटना/नई दिल्ली, 16 मार्च 2026 ।जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही पार्टी के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और दिल्ली से पटना तक संगठनात्मक गतिविधियां रफ्तार पकड़ चुकी हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 22 मार्च रखी गई है। इसके बाद 23 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 24 मार्च तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। यदि एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं, तो 27 मार्च को मतदान कराया जाएगा।
हालांकि पार्टी के अंदरूनी संकेतों से यह साफ है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। दिसंबर 2023 में अध्यक्ष पद संभालने के बाद से उन्होंने संगठन को एकजुट बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में अगर केवल एक ही नामांकन दाखिल होता है, तो 24 मार्च को ही उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया जा सकता है।
जदयू के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में पार्टी के भीतर सर्वसम्मति से स्वीकार्य चेहरा नीतीश कुमार ही हैं। ऐसे में उनके सामने किसी चुनौती की संभावना बेहद कम है।
इस बीच, संगठन चुनाव को आगामी राजनीतिक रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी के भीतर यह चर्चा भी तेज है कि क्या भविष्य में नई पीढ़ी को आगे लाने की दिशा में कोई संकेत मिलेगा, खासकर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की संभावित सक्रियता को लेकर।
फिलहाल मुख्यमंत्री अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के चौथे चरण में व्यस्त हैं और 17 से 20 मार्च के बीच भागलपुर, बांका, जमुई और गया समेत आठ जिलों का दौरा कर रहे हैं। इस यात्रा के बाद दिल्ली में होने वाली चुनावी प्रक्रिया जदयू के भविष्य की दिशा और नेतृत्व को स्पष्ट कर देगी।