पंजाब में 45 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में जदयू, प्रदेश अध्यक्ष ने किया दावा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 26 जून। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने पंजाब में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष मालवेंद्र सिंह बेनीपाल उर्फ टेडी ने दावा किया कि जदयू राज्य की 117 विधानसभा सीटों में से 45 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है और चुनाव अकेले लड़ने की रणनीति पर काम चल रहा है।

तख्त श्रीहरिमंदिर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बेनीपाल ने कहा कि पंजाब और बिहार का ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक रिश्ता बेहद मजबूत रहा है। उन्होंने कहा कि सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह का जन्म पटना साहिब में हुआ था और बिहार सरकार द्वारा 350वें प्रकाश पर्व के सफल आयोजन के बाद पंजाब के लोगों में बिहार के प्रति सम्मान और विश्वास और अधिक बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और कार्यशैली के प्रति पंजाब के सिख समाज में सकारात्मक भावना है। इसी विश्वास के आधार पर पार्टी आगामी चुनाव में 45 सीटों पर मजबूती से उतरने की तैयारी कर रही है।

बेनीपाल ने यह भी दावा किया कि पंजाब की कृषि और औद्योगिक गतिविधियों में बिहार के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनका कहना था कि इस सामाजिक जुड़ाव का लाभ जदयू को चुनाव में मिल सकता है और पार्टी कई सीटों पर बेहतर प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक में भी अगले वर्ष पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, व्यवसायी हरनेक सिंह सोही उर्फ सन्नी तथा समाजसेवी राजेश शुक्ला उर्फ टिल्लू भी मौजूद थे।

Share This Article