जेडीयू को लगा बड़ा झटका, वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने पार्टी से बनाई दूरी

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: जनता दल (यूनाइटेड) के लिए एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और लंबे समय से राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय चेहरा रहे केसी त्यागी ने जेडीयू से खुद को अलग करने का फैसला कर लिया है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया और इस्तीफा देने का मन बना लिया है।

बताया जा रहा है कि हाल ही में जेडीयू का सदस्यता अभियान समाप्त हुआ, जिसमें अधिकांश नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी सदस्यता रिन्यू कराई। लेकिन केसी त्यागी इस प्रक्रिया से दूर रहे। इसे पार्टी नेतृत्व से उनकी बढ़ती दूरी और संभावित नाराजगी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

केसी त्यागी लंबे समय तक जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता के रूप में सक्रिय रहे हैं। दिल्ली में रहकर वे राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे हैं। ऐसे में उनका पार्टी से अलग होने का फैसला जेडीयू के लिए एक बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।

सूत्रों की मानें तो पिछले कुछ महीनों से उनके बयानों को लेकर पार्टी नेतृत्व, खासकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उनसे नाराज चल रहे थे। यहां तक कि उनके खिलाफ कार्रवाई की चर्चाएं भी थीं। हालांकि, उससे पहले ही केसी त्यागी ने खुद पार्टी से अलग होने का रास्ता चुन लिया।

फिलहाल इस पूरे मामले पर न तो केसी त्यागी और न ही जेडीयू की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हैं और आने वाले समय में इसके व्यापक असर की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article