NEWS PR डेस्क : केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रमुख जीतन राम मांझी की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया है। गुरुवार को वह पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए। पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे मांझी को वायरल फीवर और शुगर लेवल बढ़ने की शिकायत के बाद पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

करीब दो दिनों तक अस्पताल में इलाज के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें आगे के उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया है। गुरुवार को पटना एयरपोर्ट पर जीतन राम मांझी व्हीलचेयर पर नजर आए। एयरपोर्ट के अंदर जाते समय उन्हें चलने में परेशानी होती दिखाई दी।
परिवार के साथ दिल्ली गए जीतन राम मांझी
जीतन राम मांझी के साथ उनके बेटे और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री संतोष कुमार सुमन समेत परिवार के अन्य सदस्य भी दिल्ली रवाना हुए। उनके साथ बहू दीपा मांझी, पत्नी और बेटी सहित परिवार के अन्य लोग मौजूद रहे। मांझी की तबीयत खराब होने की जानकारी सामने आने के बाद उनके समर्थकों और राजनीतिक सहयोगियों में भी चिंता देखी जा रही है। फिलहाल उन्हें दिल्ली में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने की तैयारी है।