कैमूर के 1.78 लाख पेंशनधारियों को मिली अगस्त की पेंशन, खातों में पहुंचे ₹20.61 करोड़; बुजुर्गों के चेहरे पर आई मुस्कान

Shreya Raj
कैमूर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के कार्यक्रम में पेंशनधारियों के साथ मौजूद अधिकारी और लाभार्थी।

NEWS PR डेस्क: कैमूर के बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए सरकार की ओर से राहत की खबर है। मुख्यमंत्री, बिहार सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 1,05,67,975 पेंशनधारियों के खातों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अगस्त महीने की पेंशन राशि भेजी। प्रत्येक लाभार्थी के खाते में ₹1,100 की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई।

कैमूर जिले में भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग और सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित जिले के पेंशन लाभार्थी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। जिला पदाधिकारी ने पेंशनधारियों को राशि अंतरण की बधाई दी और भरोसा दिलाया कि पेंशन से जुड़ी समस्याओं का गंभीरता से समाधान किया जाएगा।

कैमूर के 1,78,369 पेंशनधारियों को मिला लाभ

जिला प्रशासन के अनुसार, कैमूर में कुल 1,78,369 पेंशनधारियों के खातों में अगस्त माह की पेंशन राशि भेजी गई। इसके लिए कुल ₹20 करोड़ 61 लाख 59 हजार 200 रुपये का भुगतान किया गया।

इनमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 37,344, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 7,581 और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना के 1,090 लाभार्थी शामिल हैं। मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,01,237, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 13,439 और बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना के 17,678 पेंशनधारी भी लाभान्वित हुए।

हर महीने 10 तारीख को पेंशन भेजने का भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के कल्याण के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को पिछले महीने की पेंशन राशि डीबीटी के जरिए लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

6,300 पेंशनधारियों ने अब तक नहीं कराया जीवन प्रमाणीकरण

कैमूर में करीब 6,300 पेंशनधारी ऐसे हैं, जिन्होंने अब तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया है। इसके कारण उन्हें पेंशन की राशि नहीं मिल पा रही है। जिला प्रशासन ने ऐसे लोगों से आधार कार्ड के साथ नजदीकी CSC या वसुधा केंद्र पहुंचकर जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की है।

ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी होने पर लाभार्थी अपने क्षेत्र के विकास मित्र से संपर्क कर भौतिक सत्यापन के माध्यम से भी जीवन प्रमाणीकरण करा सकते हैं। जिला पदाधिकारी ने सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग को निर्देश दिया है कि पेंशन भुगतान से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। जरूरतमंद दिव्यांगजन, वृद्धजन और विधवा महिलाएं अपनी समस्या सीधे जिला पदाधिकारी के समक्ष भी रख सकते हैं।

कैमूर से रिपोर्टर: ब्रजेश दुबे

Share This Article