सासाराम में किसान मजदूर सभा का जोरदार प्रदर्शन, GT रोड घंटों जाम

Demonstration in Sasaram demanding development of Dalit settlements

Rashmi Tiwari

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक से पूर्व बुधवार को सासाराम में अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने जिला समाहरणालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए और अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की।
विकास कार्यों को लेकर उठाए सवाल
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जिले के दलित एवं महादलित टोलों में आज तक कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ है। इन क्षेत्रों में न पक्की सड़कें हैं और न ही नाली-गली की व्यवस्था। साथ ही, शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है।
नेतृत्व ने मांगा जवाब
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कामरेड अशोक बैठा ने ‘दिशा’ की बैठक में शामिल जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि सांसद और विधायक यह बताएं कि “सात निश्चय योजना” के तहत महादलितों को क्या लाभ मिला है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परचाधारियों को जमीन का कब्जा नहीं दिलाया गया और भूमिहीनों को न तो जमीन मिली, न ही आवास।
जाम से आमजन परेशान
प्रदर्शन के कारण शहर की पुरानी जीटी रोड पर भीषण जाम लग गया। धर्मशाला मोड़ से प्रभाकर मोड़ तक सड़क जाम रहने से स्कूली वाहन, एम्बुलेंस और अन्य गाड़ियां फंसी रहीं। इस भीषण गर्मी में राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।मौके पर सदर एसडीओ डॉ. नेहा कुमारी और सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार समेत कई वरीय अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे। हालांकि प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने में प्रशासन को करीब 2 घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट

Share This Article