NEWS PR डेस्क:सुपौल: बिहार में मानसून की सक्रियता के साथ ही नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। सुपौल जिले में कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है।

सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने अधिकारियों और इंजीनियरों की टीम के साथ कोसी नदी के प्रमुख तटबंधों और स्परों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कार्यों, सुरक्षा इंतजामों, सैंड बैग्स की उपलब्धता और मौके पर तैनात अधिकारियों की स्थिति का जायजा लिया।
बराहक्षेत्र और कोसी बराज से बढ़ा पानी का डिस्चार्ज
निरीक्षण के दौरान डीएम सावन कुमार ने बताया कि बराहक्षेत्र और कोसी बराज से पानी का डिस्चार्ज बढ़ा है। इसी को देखते हुए प्रशासन एहतियाती कदम उठा रहा है। उन्होंने बताया कि तटबंधों की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।
डीएम ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जरूरत पड़ने पर बचाव कार्यों में किसी तरह की परेशानी न आए। उन्होंने सैंड बैग्स और बालू के पर्याप्त स्टॉक की उपलब्धता की जांच की, साथ ही यह भी देखा कि जूनियर इंजीनियर (JE) और अन्य अधिकारी 24 घंटे अलर्ट मोड में हैं या नहीं।
फिलहाल सुरक्षित हैं तटबंध, प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में जिले के सभी प्रमुख तटबंध सुरक्षित हैं और बाढ़ जैसी कोई गंभीर स्थिति नहीं है। हालांकि, मानसून और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी तैयारियां पूरी रखी हैं। उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
