पटना के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 21 जुलाई। राजधानी पटना से सटे दानापुर इलाके के तीन निजी स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और स्कूल परिसरों की सघन जांच शुरू कर दी।

धमकी दानापुर मिलिट्री कैंटोनमेंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) (सीनियर और जूनियर विंग दोनों), रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल समेत कुल चार स्कूल को दी गई है। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

दानापुर के एएसपी अजीत कुमार ने बताया कि स्कूलों को दो अलग-अलग हिस्सों में एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है। इसकी गंभीरता को देखते हुए तत्काल बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को जांच के लिए लगाया गया है। साथ ही ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।

पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर तलाशी अभियान जारी है और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

प्रशासन ने अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा रखें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

Share This Article