NEWS PR डेस्क: सुपौल के दिघिया गांव की रहने वाली संजू कुमारी की सफलता की कहानी ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है। किसान परिवार से आने वाली संजू ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत के बल पर NEET UG 2026 में शानदार प्रदर्शन किया।

कठिन परिस्थितियों को मात देते हुए संजू कुमारी ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के दम पर NEET-UG 2026 में शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने PWBD (Persons with Benchmark Disabilities) श्रेणी में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2685 प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे सुपौल जिले का नाम रोशन किया है।
संजू के पिता पृथ्वी यादव किसान हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने बेटी की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। संजू ने बताया कि उन्होंने NEET की तैयारी पूरी तरह सेल्फ स्टडी के माध्यम से की और किसी महंगे कोचिंग संस्थान या ट्यूशन का सहारा नहीं लिया। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई, सही रणनीति और लक्ष्य के प्रति ईमानदारी से सफलता हासिल की जा सकती है। संजू ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव स्थित मिथिला कोचिंग सेंटर, दिघिया से पूरी की। इसके बाद उन्होंने निर्मली से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की।
फिलहाल संजू पटना में GNM (General Nursing and Midwifery) की पढ़ाई कर रही हैं। पढ़ाई के साथ समय का बेहतर प्रबंधन करते हुए उन्होंने NEET की तैयारी जारी रखी और यह शानदार उपलब्धि हासिल की। संजू ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों से अपील की कि वे आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें और परिस्थितियों से हार न मानें।
संजू की सफलता पर दिघिया गांव समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि किसान परिवार की बेटी ने साबित कर दिया है कि मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति के आगे संसाधनों की कमी बाधा नहीं बन सकती।.सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
