जमीन का किराया मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी, पीड़ित ने IG विकास वैभव से लगाई न्याय की गुहार

Shreya Raj
शिकायत की प्रतियां दिखाते हुए न्याय की गुहार लगाते पीड़ित।

गया: गया जिले के डोभी प्रखंड के बजौरा गांव में जमीन किराए पर देने के बाद किराया मांगना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पीड़ित का आरोप है कि किरायेदारों ने छह महीने का बकाया किराया देने के बजाय दबंगई दिखानी शुरू कर दी, घर में घुसकर मारपीट की, नगदी छीन ली और जान से मारने की धमकी दी। मामले में स्थानीय थाने से राहत नहीं मिलने पर पीड़ित ने आईजी विकास वैभव से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।

6 महीने से नहीं दिया किराया, विरोध करने पर किया हमला

पीड़ित मुरली मनोहर लाल ने बताया कि उन्होंने अपने घर के पास स्थित जमीन को कोयला डिपो के संचालन के लिए किराए पर दिया था। उनके अनुसार, जमीन किराए पर लेने वाले सुमन कुमार यादव, धनंजय कुमार और रितिक कुमार यादव पिछले छह महीने से किराया नहीं दे रहे हैं। आरोप है कि इन लोगों ने घर के रास्ते पर वाहन खड़ा कर दिया। जब उन्होंने एग्रीमेंट के अनुसार निर्धारित जगह पर वाहन लगाने और बकाया किराया चुकाने की बात कही, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़ित का कहना है कि वह किसी तरह अपने घर के अंदर चले गए, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी हथियारों से लैस होकर घर में घुस आए। उन्होंने मारपीट की, नगदी छीन ली और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

थानाध्यक्ष पर भी लगाए गंभीर आरोप

मुरली मनोहर लाल ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने 27 जुलाई को डोभी थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। उनका आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय थानाध्यक्ष समझौते का दबाव बनाने लगे। पीड़ित का यह भी दावा है कि यदि समझौता नहीं किया जाता तो उन्हें एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की बात कही गई। उन्होंने आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष का रवैया आरोपियों के पक्ष में दिखाई दिया, जिससे उन्हें पुलिस की निष्पक्षता पर संदेह हुआ।

IG ने मांगी सात दिनों में रिपोर्ट

स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के बाद पीड़ित ने आईजी विकास वैभव से पूरे मामले की शिकायत की। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आईजी ने डोभी थानाध्यक्ष से सात दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। पीड़ित ने उम्मीद जताई है कि उच्च स्तर पर हस्तक्षेप के बाद उन्हें न्याय मिलेगा और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने डोभी थानाध्यक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई और उन्हें पद से हटाने की मांग की है।

Share This Article