लद्दाख में भूस्खलन हादसा: बिहार के अग्निवीर मनीष कुमार शहीद, गांव पहुंचा पार्थिव शरीर

Amit Singh

NEWS PR डेस्क:बपश्चिम चंपारण। लद्दाख की ऊंची पहाड़ियों पर हुए भूस्खलन हादसे में बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के अग्निवीर मनीष कुमार (24) शहीद हो गए। मंगलवार को जब उनका पार्थिव शरीर योगापट्टी प्रखंड के नवलपुर पंचायत स्थित उनके गांव पहुंचा, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े और नम आंखों से वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी।

मनीष कुमार के पिता मोहन साह ने बताया कि उनका बेटा पिछले छह माह से लद्दाख में तैनात था। 13 मार्च की दोपहर ड्यूटी के दौरान लद्दाख के फॉरवर्ड पोस्ट की ऊंची पहाड़ी पर अचानक भूस्खलन हो गया। उस समय वहां 12 जवान ड्यूटी पर मौजूद थे। हादसे में तीन जवान बर्फ में दब गए, जिन्हें गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है।

बताया गया कि भूस्खलन के दौरान मनीष पहाड़ी से नीचे खाई में गिर गए थे। सेना की रेस्क्यू टीम ने उन्हें खाई से बाहर निकाला, लेकिन वे वीरगति को प्राप्त हो चुके थे।

मनीष के भाई सुमित कुमार ने बताया कि मनीष ने करीब दो वर्ष पहले देश सेवा के लिए अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती ली थी। 26 अक्टूबर 2023 को मध्य प्रदेश के सागर में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी पहली तैनाती दार्जिलिंग में हुई थी। करीब छह माह पहले उनका तबादला लद्दाख कर दिया गया था।

परिजनों के अनुसार 13 मार्च की सुबह करीब 9:30 बजे मनीष से अंतिम बार बातचीत हुई थी। पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर आने वाले मनीष कुछ महीने पहले छठ पूजा के अवसर पर घर आए थे। परिवार में खुशी का माहौल था, क्योंकि नवंबर 2026 में उनके बड़े भाई की शादी होने वाली थी और मनीष भी उस अवसर पर घर आने वाले थे।

लेकिन अचानक आई इस दुखद खबर ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। दादा जगदीश साह समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के लोग भी वीर सपूत के बलिदान को नमन कर रहे हैं।

Share This Article