NEWS PR डेस्क: मधुबनी। जिले में 16 मार्च से 19 मार्च, 2026 तक मध्यमा परीक्षा-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी आनंद शर्मा और पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने संयुक्त आदेश जारी कर सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को परीक्षा के सफल आयोजन हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं।
परीक्षा कुल 6 केंद्रों पर दो पालीयों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 09:45 बजे से 01:00 बजे तक और द्वितीय पाली 01:45 बजे से 05:00 बजे तक होगी। परीक्षा में कुल 2478 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को 09:15 बजे और द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को 01:30 बजे परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति होगी। निर्धारित समय से विलंबित आने वाले किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्र के 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की जाए। सभी केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार सशस्त्र बल और महिला वीक्षकों की भी तैनाती की जाएगी।
प्रवेश के समय सभी परीक्षार्थियों की अनिवार्य बॉडी फ्रिस्किंग की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, घड़ी या अन्य किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को ले जाना प्रतिबंधित होगा। परीक्षा की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी की गई है।
जिलाधिकारी ने सभी परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन परीक्षा का पारदर्शी और कदाचारमुक्त आयोजन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क और तत्पर है।