बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 6 IAS और 45 BAS अधिकारियों का हुआ तबादला, 16 एसडीओ समेत कई को नई जिम्मेदारी

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 13 जुलाई। बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए छह भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों और बिहार प्रशासनिक सेवा (BPSC) के 45 अधिकारियों का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार को इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी। तबादला सूची में 16 अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), 7 डीसीएलआर सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हैं।

जारी आदेश के अनुसार, 2014 बैच के आईएएस अधिकारी एवं राज्य निर्वाचन आयोग में ओएसडी के पद पर कार्यरत संजय कुमार को अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। वहीं, गया के बंदोबस्त पदाधिकारी मुकेश कुमार को वित्त विभाग से संबद्ध किया गया है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर सचिव अखिलेश कुमार सिंह को कृषि विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार ने 2015 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज कुमार रजक का तबादला करते हुए उन्हें नगर विकास एवं आवास विभाग से युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में अपर सचिव के पद पर भेजा है। हालांकि, नगर विकास विभाग में कार्यरत एक अन्य आईएएस अधिकारी मनोज कुमार के पहले जारी तबादला आदेश को रद्द कर दिया गया है और उन्हें अपने वर्तमान विभाग में ही कार्य जारी रखने का निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। 2021 बैच की आईएएस अधिकारी एवं सुपौल की मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सारा अशरफ को नालंदा का उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

वहीं, 2023 बैच के आईएएस अधिकारी तुषार कुमार को पूर्णिया का अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) बनाया गया है। वे कार्यपालक दंडाधिकारी के रूप में भी दायित्व निभाएंगे और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग कर सकेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है।

Share This Article