NEWS PR डेस्क : सुपौल: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। इस बार तस्करों ने ट्रेन के जरिए विदेशी शराब की बड़ी खेप पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन सुपौल रेलवे स्टेशन पर उनकी योजना नाकाम हो गई। उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने वैशाली एक्सप्रेस में छापेमारी कर 219.750 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि ललितग्राम से सहरसा जा रही वैशाली एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15566) के जरिए शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर ट्रेन के सुपौल रेलवे स्टेशन पहुंचते ही उत्पाद विभाग और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बी-04 और बी-05 कोच में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
सीटों के नीचे छिपाकर रखी गई थी शराब
तलाशी के दौरान सीटों के नीचे संदिग्ध हालत में रखे 9 बोरे और 3 पीठू बैग बरामद हुए। जब टीम ने इन्हें खोला तो इनमें बड़ी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर मिली। जांच में 209.250 लीटर विदेशी शराब और 10.500 लीटर बीयर बरामद हुई। इस तरह कुल 219.750 लीटर शराब और बीयर जब्त की गई
दो आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच शुरू
कार्रवाई के दौरान दो लोगों को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अभिनाश कुमार चौधरी उर्फ फेंटा, निवासी कृष्णानगर वार्ड संख्या 22/37, थाना कहरा (सहरसा) और बिनीत कुमार, निवासी वार्ड संख्या 10, थाना कहरा (सहरसा) के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
रेल मार्ग से तस्करी पर विभाग की विशेष नजर
उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे मार्ग से शराब की तस्करी करने वालों पर विभाग की विशेष नजर है और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में संयुक्त जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
इस अभियान में मद्यनिषेध निरीक्षक प्रभुनाथ सिंह, संजय प्रियदर्शी और कुश कुमार, अवर निरीक्षक विष्णुदेव यादव एवं विशाल कुमार, मद्यनिषेध सिपाही अभिषेक कुमार तथा सहरसा ग्रुप सेंटर के जवान शामिल रहे। वहीं आरपीएफ सहरसा के निरीक्षक धनंजय कुमार सहित आरपीएफ सहरसा और सुपौल की टीम ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
