पटना के करमलीचक में खाद्य तेल गोदाम में भीषण आग, 22 दमकल ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

तेल के गोदाम में लगी आग ने मचाई तबाही, पूरी रात चला दमकल का ऑपरेशन

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:राजधानी के दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित करमलीचक की महुली रोड पर रविवार देर रात खाद्य तेल के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

गोदाम में बड़ी मात्रा में डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल का भंडारण किया गया था। तेल और वनस्पति पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे आग पर काबू पाने में अग्निशमन विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही राजधानी के विभिन्न फायर स्टेशनों से करीब 22 दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। पूरी रात राहत और बचाव अभियान चलता रहा, लेकिन सोमवार सुबह तक भी आग पूरी तरह बुझाई नहीं जा सकी थी।

पटना सिटी फायर स्टेशन के फायर ऑफिसर अजय कुमार शर्मा ने बताया कि तेल से लगी आग को नियंत्रित करने के लिए पानी के साथ फोम कंपाउंड का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि आग पूरी तरह बुझने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी।

अग्निशमन विभाग की तत्परता से गोदाम के समीप स्थित ब्रेड फैक्ट्री को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे आग आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों तक नहीं फैल सकी। राहत की बात यह रही कि यह इलाका मुख्य रूप से वेयरहाउस क्षेत्र होने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हालांकि, गोदाम में रखी वनस्पति सामग्री पिघलकर सड़क पर फैल गई, जिससे पूरे इलाके में फिसलन की स्थिति बन गई। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। फिलहाल अग्निशमन विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने और स्थिति सामान्य करने में जुटी हुई है। आग बुझने के बाद नुकसान का अंतिम आकलन और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी।

Share This Article