मुजफ्फरपुर के हॉस्पिटल में भीषण आग, 4 की मौत, 25 से अधिक लोग घायल

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: मुजफ्फरपुर, 04 जून। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शहर स्थित प्रसाद हॉस्पिटल की पांचवीं मंजिल पर बने आईसीयू वार्ड में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में झुलसने और दम घुटने से अब तक 4 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 25 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों और उनके परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घायलों को तत्काल अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया जा रहा है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा बुधवार रात करीब 3 बजे हुआ। आग अस्पताल की पांचवीं मंजिल स्थित आईसीयू में लगी, जहां कई गंभीर मरीज भर्ती थे। आईसीयू ऊपरी मंजिल पर होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर आईसीयू तथा अन्य वार्डों में फंसे मरीजों को बाहर निकाला। कई मरीजों को धुएं और गर्मी के बीच सुरक्षित निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

काफी देर की कोशिश के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में कई लोग गंभीर हालत में थे, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि प्रशासन ने घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने अस्पताल परिसर को अपने कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था तथा अग्निशमन मानकों की भी जांच की जा रही है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article