खनन कर्मियों पर ट्रक चालक से मारपीट का आरोप, कैमूर प्रशासन ने गठित की जांच समिति

Shreya Raj
खनन विभाग की टीम पर ट्रक चालक से कथित मारपीट के मामले के बाद घायल चालक की तस्वीर सामने आई।

कैमूर से रिपोर्टर: ब्रजेश दुबे कैमूर जिले में खनन विभाग की टीम द्वारा एक ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट किए जाने के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला पदाधिकारी, कैमूर ने निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए दो सदस्यीय संयुक्त जांच समिति का गठन किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दो सदस्यीय समिति को दो दिनों में देनी होगी रिपोर्ट

जिला प्रशासन की ओर से गठित जांच समिति में अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) और जिला खनन पदाधिकारी को शामिल किया गया है। दोनों अधिकारियों को मामले की स्थलीय और तथ्यात्मक जांच करने का निर्देश दिया गया है। समिति को अगले 2 दिनों के भीतर अपनी स्पष्ट रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपनी होगी।

खनन सब-इंस्पेक्टर और होमगार्ड जवानों का सितंबर का वेतन रोका

प्रशासन ने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर संबंधित खनन सब-इंस्पेक्टर (Mining SI) और घटना के दौरान वहां प्रतिनियुक्त गृह रक्षकों यानी होमगार्ड जवानों के सितंबर माह के वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। अब जांच पूरी होने और जांच समिति से क्लियरेंस मिलने के बाद ही संबंधित कर्मियों के वेतन भुगतान पर आगे विचार किया जाएगा।

दोषी मिलने पर होगी कठोर कार्रवाई

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने या सरकारी पद का दुरुपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ट्रक चालक के साथ मारपीट के मामले में जांच के दौरान यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य संबंधित व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल दो सदस्यीय समिति को जल्द से जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

कैमूर से रिपोर्टर: ब्रजेश दुबे

Share This Article