NEWS PR डेस्क:बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय आम समागम सह कार्यशाला का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने देशभर से आए आम उत्पादक किसानों से मुलाकात की और उनके नवाचार एवं कृषि के प्रति समर्पण की सराहना की।

इस राष्ट्रीय आम समागम में बिहार सहित देश के कई राज्यों से किसान शामिल हुए हैं। किसानों ने अपने बगीचों में तैयार विभिन्न प्रजातियों के आमों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई, जिसने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यशाला के दौरान आम की नई किस्मों, आधुनिक खेती की तकनीकों, बेहतर उत्पादन और विपणन की संभावनाओं पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि ऐसे किसान, जो नई-नई प्रजातियों के आमों का उत्पादन कर कृषि क्षेत्र में नवाचार कर रहे हैं, वे अन्य किसानों के लिए प्रेरणा हैं।
इस अवसर पर बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. दुनिया राम सिंह, भागलपुर सांसद अजय मंडल, जदयू नेता सुड्डू साईं सहित विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक, कृषि विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय आम समागम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना, आम की उन्नत खेती को बढ़ावा देना तथा विभिन्न राज्यों के किसानों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान सुनिश्चित करना है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह, की रिपोर्ट
