नालंदा में NIA की बड़ी कार्रवाई: पीके गन हाउस समेत कई ठिकानों पर छापेमारी

NIA की विशेष टीम जिले के विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। पीके गन हाउस इस अभियान का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां जांच एजेंसी की टीम गहन तलाशी में जुटी है। हालांकि, इस पूरे ऑपरेशन को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: नालंदा, 6 अप्रैल। नालंदा जिले के लहेरी थाना क्षेत्र स्थित पोस्ट ऑफिस मोड़ के पास सोमवार सुबह उस समय हलचल तेज हो गई, जब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने पीके गन हाउस में छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई सुबह से लगातार जारी है और खबर लिखे जाने तक तीन घंटे से अधिक समय बीत चुका है।

सूत्रों के अनुसार, NIA की विशेष टीम जिले के विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। पीके गन हाउस इस अभियान का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां जांच एजेंसी की टीम गहन तलाशी में जुटी है। हालांकि, इस पूरे ऑपरेशन को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

स्थानीय पुलिस भी इस कार्रवाई में सहयोग करती नजर आ रही है। लहेरी थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि उन्हें वरीय अधिकारियों से प्राप्त निर्देश के आधार पर उनके थाने के दो पुलिस पदाधिकारी इस अभियान में शामिल किए गए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि छापेमारी के कारणों और नेतृत्व को लेकर उन्हें कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

इधर, अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोग पूरे घटनाक्रम को लेकर उत्सुक हैं और आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।

फिलहाल NIA की कार्रवाई जारी है और प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

Share This Article