NEWS PR डेस्क: पटना। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बिहार से श्री नितिन नवीन और श्री शिवेश कुमार को पार्टी ने राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है।
बीजेपी के केंद्रीय कार्यालय से जारी सूची में विभिन्न राज्यों के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। बिहार की दो सीटों पर नितिन नवीन और शिवेश कुमार के नाम पर मुहर लगने के साथ ही राज्य की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।
राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से चर्चित नाम रहे भोजपुरी गायक पवन सिंह को टिकट नहीं मिलने से उनके समर्थकों में निराशा देखी जा रही है। कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी उन्हें राज्यसभा भेज सकती है, लेकिन अंतिम सूची में उनका नाम शामिल नहीं किया गया।
नितिन नवीन वर्तमान में भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं, वहीं शिवेश कुमार को संगठन के प्रति उनकी सक्रिय भूमिका का लाभ मिला है। पार्टी सूत्रों के अनुसार सामाजिक और संगठनात्मक संतुलन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर अब बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और विपक्ष की प्रतिक्रिया पर भी सबकी नजरें टिकी हैं।