नितिन नवीन देंगे तीन महीने का वेतन, बाढ़ राहत के लिए ₹6.35 लाख का ऐलान

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:पटना: बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने अपने तीन महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि ₹6.35 लाख की राशि बाढ़ राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान की जाएगी।
नितिन नवीन ने कहा कि बिहार में बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित लोगों तक समय पर राहत और जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए राज्य सरकार पूरी तत्परता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद के तौर पर वे भी बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए अपना योगदान दे रहे हैं।
₹550 करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों को ₹7,000 प्रति परिवार की वित्तीय सहायता दी जा रही है। इसके तहत अब तक ₹550 करोड़ से अधिक की राशि उपलब्ध कराई गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर, कम्युनिटी किचन, चिकित्सा सुविधाएं और पशु चारे की व्यवस्था की गई है। वहीं, NDRF और SDRF की टीमें बचाव एवं राहत कार्यों में तैनात हैं। किसानों की फसल क्षति का आकलन भी किया जा रहा है, जिसके आधार पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
केंद्र सरकार की टीम भी कर रही स्थिति की समीक्षा
नितिन नवीन ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ सभी लोग पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़े हैं। बिहार में इस बार बाढ़ का असर कई जिलों में देखने को मिला है, खासकर गंगा के बहाव वाले क्षेत्रों में स्थिति गंभीर रही है।

Share This Article