NEWS PR डेस्क: नीतीश कुमार एक बार फिर जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं। मंगलवार को पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, नामांकन वापसी की समयसीमा खत्म होने तक उनके अलावा कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं था, जिसके चलते उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।
यह चौथा मौका है जब नीतीश कुमार ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले वह साल 2016 में पहली बार इस पद पर आए थे, फिर 2018 में दोबारा अध्यक्ष बने। वर्ष 2020 में पार्टी ने आरसीपी सिंह को यह जिम्मेदारी दी थी, लेकिन 2021 में उन्हें हटाकर राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। बाद में 2023 में संगठनात्मक बदलाव के तहत नीतीश कुमार ने तीसरी बार कमान संभाली और अब चौथी बार इस पद पर काबिज हो गए हैं।
नीतीश कुमार लंबे समय से बिहार की राजनीति का अहम चेहरा रहे हैं। वह 2005 से लगातार बिहार के मुख्यमंत्री पद पर बने हुए हैं और राज्य की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। हाल ही में उनके राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने से राष्ट्रीय स्तर पर उनकी भूमिका और प्रभाव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, उनके नेतृत्व में जदयू संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों की रणनीति पर विशेष फोकस रहेगा। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी।
नीतीश कुमार के फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और इसे संगठन में स्थिरता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।