पटना: बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने आज ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान (एलएनएमआई), पटना में संस्थान के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण के अवसर पर संस्थान की निदेशक डॉ. एन. विजयलक्ष्मी एवं प्राध्यापक डॉ. चन्द्रा सिंह ने उनका पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएँ दीं। नीतीश मिश्रा ने एल. एन. एम. आई. के कार्यवाहक अध्यक्ष का दायित्व सौंपने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है, जिसका निर्वहन वे पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ करेंगे।पदभार ग्रहण करने के बाद नीतीश मिश्रा ने कहा कि एल. एन. एम. आई. से उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान को खड़ा करने और पहचान दिलाने में उनके पिताजी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने संस्थान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने और इसके विकास के लिए पूर्ण सहयोग की बात की।नीतीश मिश्रा ने कहा कि बदलते समय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को रोजगार सृजित करनेवाला उद्यमी बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। आधुनिक तकनीक, नवाचार और कौशल विकास के माध्यम से उन्हें आधुनिक भारत एवं विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जाएगा।अपने संबोधन में कार्यवाहक अध्यक्ष ने संस्थान की परंपरा, शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं सामाजिक विकास के प्रति इसकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि एल. एन. एम. आई. राज्य के आर्थिक एवं सामाजिक विकास के लिए ज्ञान, शोध और नीति निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने संस्थान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शोध को और सशक्त बनाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नीतीश मिश्रा ने संस्थान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों एवं सभी सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि नीतीश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में एल. एन. एम. आई. शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ हासिल करेगा तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान को और सुदृढ़ बनाएगा।