रोहतास में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में झड़प, हथियार लहराने का वीडियो वायरल

पुरानी रंजिश बनी हिंसा की वजह, गांव में तनाव और पुलिस की कड़ी निगरानी

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

बिहार के रोहतास जिले में पुरानी रंजिश एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गई। सासाराम के करगहर थाना क्षेत्र स्थित करूप गांव में बीती रात दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और हथियार लहराने तक पहुंच गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गांव के दो पक्षों के बीच कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बीती रात इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष ने घर से हथियार लाकर दूसरे पक्ष को डराने-धमकाने की कोशिश की।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग हथियार लहराते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूचना मिलते ही करगहर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हालांकि फायरिंग की खबरें सामने आई हैं, लेकिन इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article