फारबिसगंज- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रुंगटा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (RITM), फारबिसगंज में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संदेश के साथ “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे RITM परिसर में हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अभय कुमार तिवारी (अनुमंडल पदाधिकारी, फारबिसगंज) एवं वीणा देवी (मुख्य पार्षद, फारबिसगंज नगर परिषद) ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। दोनों अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से प्रकृति संरक्षण के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में अमृत राज (वन परिसर पदाधिकारी, बथनाहा), उमाशंकर राय (वन क्षेत्र पदाधिकारी, फारबिसगंज वन क्षेत्र), डॉ. रशीद हुसैन (प्राचार्य, RITM), शशि भूषण कुमार (उप निदेशक, RITM) तथा इंदु कुमारी (पुस्तकालय अध्यक्ष, RITM) सहित संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
एक पेड़ माँ के नाम
वक्ताओं ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृत्व, मातृभूमि और प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक प्रेरणादायक प्रयास है। यह अभियान समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए
कार्यक्रम के दौरान संस्थान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। प्रतिभागियों ने इन पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अंत में संस्थान प्रशासन ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। अररिया से धन्नु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट