तेज प्रताप की पार्टी में नई जिम्मेदारी का मौका, 30 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:पटना: जनशक्ति जनता दल (JJD) को बिहार में संगठनात्मक तौर पर मजबूत करने की दिशा में तेज प्रताप यादव ने एक नई पहल शुरू की है। पार्टी ने अब बिहार प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए इच्छुक और योग्य लोगों से आवेदन मंगाने का फैसला किया है। इसके लिए पूरे प्रदेश से नामांकन स्वीकार किए जाएंगे।


पार्टी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 30 सितंबर 2026 रखी गई है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। पार्टी ने संपर्क के लिए फोन नंबर भी सार्वजनिक किए हैं। तेज प्रताप यादव ने अपने एक्स हैंडल पर प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आवेदन शुरू होने की जानकारी साझा की है। पार्टी की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि बिहार में संगठन को नई मजबूती और नई दिशा देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष पद हेतु योग्य लोगों से आवेदन मांगे जा रहे हैं।
किस तरह के व्यक्ति की तलाश?
JJD ने प्रदेश अध्यक्ष के लिए ऐसे व्यक्ति को प्राथमिकता देने की बात कही है, जो संगठन के प्रति सक्रिय हो और राजनीतिक व सामाजिक मुद्दों पर मजबूती से काम कर सके। पार्टी के संदेश में ईमानदारी, मेहनत, संघर्षशीलता और योग्यता को प्रमुख आधार बनाया गया है। तेज प्रताप यादव की पार्टी ने इस संगठनात्मक अभियान को सामाजिक न्याय, सामाजिक अधिकार और व्यापक बदलाव के अपने राजनीतिक एजेंडे से जोड़ा है। इससे संकेत मिल रहा है कि पार्टी आने वाले समय में राज्य स्तर पर अपना संगठन खड़ा करने की कोशिश तेज कर रही है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता की भी हुई नियुक्ति
प्रदेश अध्यक्ष की तलाश से पहले JJD में एक और महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्ति की गई थी। 7 सितंबर 2026 को प्रिया सिंह वत्स को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया। इस नियुक्ति की जानकारी तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए साझा की थी। उन्होंने प्रिया सिंह वत्स के संगठनात्मक अनुभव, संवाद क्षमता और पार्टी की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता को नियुक्ति का आधार बताया था।
पार्टी को विस्तार देने पर फोकस
राजद से अलग राजनीतिक रास्ता अपनाने के बाद तेज प्रताप यादव ने जनशक्ति जनता दल के जरिए अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अब पार्टी में लगातार संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय किए जाने से यह स्पष्ट है कि उनका फोकस जमीनी ढांचे को मजबूत करने पर है।
प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए आवेदन आमंत्रित करना इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पार्टी इस पद पर किसे जिम्मेदारी सौंपती है और बिहार की राजनीति में JJD को किस स्तर तक सक्रिय करने में सफल रहती है।

Share This Article