सासाराम रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, मची अफरा-तफरी

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 18 मई। बिहार के रोहतास जिले स्थित सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पटना जाने वाली एक पैसेंजर ट्रेन की बोगी में अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्री अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही देर में पूरी बोगी को अपनी चपेट में ले लिया। बोगी में धुआं भरने से यात्रियों के बीच दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर धुएं से भर गया और कई यात्री अपना सामान छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

घटना के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि स्टेशन पर पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं थी। शुरुआती समय में न तो पाइपलाइन में पानी उपलब्ध था और न ही कई अग्निशमन सिलेंडर काम कर रहे थे। इसी कारण आग तेजी से फैलती चली गई और एक पूरी बोगी जलकर खाक हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर जली हुई बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया गया। साथ ही अन्य डिब्बों की भी जांच की गई ताकि आग दोबारा न फैल सके।

आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम जांच में जुटी हुई है। इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन हादसे ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों की पोल खोल दी है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article