NEWS PR डेस्क : पटना में रविवार की रात तेज रफ्तार का ऐसा कहर देखने को मिला, जिसने सड़क पर चल रहे लोगों के बीच चीख-पुकार मचा दी।। राजधानी पटना के अटल पथ पर रविवार की रात एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने कई राहगीरों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि लोगों को कुचलने के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई और हवा में उछलते हुए करीब 80 मीटर दूर जा गिरी। इस दुर्घटना में छह से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है।
यह पूरा हादसा पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के महेशनगर के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। आरोप है कि चालक रफ ड्राइविंग करते हुए राहगीरों को कुचलकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पलट गई। इस दौरान सड़क से गुजर रहा एक बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि करीब 200 मीटर के दायरे में स्कॉर्पियो ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर घायल लोग सड़क किनारे तड़पते नजर आए, जबकि स्थानीय लोग उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े।हादसे के बाद सड़क पर स्कॉर्पियो के शीशे के टुकड़े और राहगीरों के सामान बिखरे पड़े थे। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को संभालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
इस घटना में शामिल स्कॉर्पियो पर जेडीयू का झंडा लगा हुआ था। गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 01 JY 6754 बताया जा रहा है। हालांकि, गाड़ी किसकी है और हादसे के वक्त उसे कौन चला रहा था, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।फिलहाल घायलों की स्थिति और उनकी पहचान को लेकर पूरी जानकारी सामने आना बाकी है।
पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की सही वजह और अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।राजधानी पटना में तेज रफ्तार वाहनों से हो रहे ऐसे हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।