पटना में प्रेम प्रसंग का खूनी अंत: स्टोर मैनेजर की गोली मारकर हत्या, गर्लफ्रेंड समेत 3 पर आरोप

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 12 मई। कदमकुआं थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पटना सिटी सेंटर मॉल स्थित वीआईपी शोरूम में स्टोर मैनेजर के पद पर कार्यरत 26 वर्षीय राहुल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक की प्रेमिका शीतल, उसकी मां और बहन पर हत्या का आरोप लगाया गया है।

परिजनों के अनुसार राहुल और शीतल के बीच पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था। इसी बीच 6 मई को राहुल की सगाई किसी दूसरी लड़की से हो गई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। परिवार का आरोप है कि सगाई के बाद शीतल लगातार राहुल पर शादी का दबाव बना रही थी।

मृतक के बड़े भाई प्रमोद कुमार ने दावा किया कि शीतल ने राहुल को बातचीत के बहाने कदमकुआं स्थित अपने घर बुलाया था। आरोप है कि वहां पहले से पूरी साजिश रची गई थी। परिवार के मुताबिक राहुल के पहुंचने पर शीतल की मां और बहन ने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद शीतल ने उसकी कनपटी पर गोली मार दी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

घटना के बाद आरोपी युवती के फरार होने की बात कही जा रही है। परिजनों ने यह भी बताया कि राहुल का मोबाइल फोन मौके से गायब है। हत्या की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

राहुल के पिता ललन प्रसाद और मां गुड़िया देवी ने भी इसे पूर्व नियोजित हत्या बताया है। परिवार का कहना है कि राहुल सुबह घर से ड्यूटी के लिए निकला था, लेकिन नौकरी के दौरान शीतल का फोन आने पर वह उससे मिलने चला गया।
सूचना मिलने के बाद कदमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच प्रेम प्रसंग और सगाई विवाद के एंगल से कर रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके। वहीं, इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article