पटना मेट्रो की पहली राइड 15 अगस्त से, मलाही पकड़ी से आईएसबीटी तक चलेगी ट्रेन, किराया जल्द होगा तय

Patna Desk
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

बिहार की राजधानी पटना में मेट्रो सेवा की शुरुआत अब ज्यादा दूर नहीं है। पहले चरण के तहत पटना मेट्रो का संचालन 15 अगस्त से शुरू किया जाएगा। इस चरण में मेट्रो मलाही पकड़ी से आईएसबीटी तक दौड़ेगी। इसी महीने पटरियां बिछाने का काम पूरा कर लिया जाएगा और ट्रायल रन की प्रक्रिया भी इसी माह में पूरी होने की उम्मीद है।

मिली जानकारी के अनुसार, मेट्रो के कोच महाराष्ट्र से मंगवाए जा रहे हैं, जिनकी अनुमानित लागत 30 से 35 करोड़ रुपये के बीच है। ये कोच इसी महीने पटना पहुंच सकते हैं। फिलहाल किराया तय नहीं हुआ है, लेकिन इसे जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा।

बिजली की दरों पर निर्भर करेगा किराया

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (PMRC) ने साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी से ‘नो प्रॉफिट-नो लॉस’ के आधार पर बिजली की आपूर्ति की मांग की है, ताकि मेट्रो का किराया न्यूनतम रखा जा सके। इस मामले की सुनवाई सोमवार को बिहार विद्युत विनियामक आयोग के कोर्ट रूम में हुई। आयोग के अध्यक्ष आमिर सुबहानी और अन्य सदस्यों ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं। अगली सुनवाई 15 जुलाई को निर्धारित की गई है, जिसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

किराया होगा किफायती, तय करने की प्रक्रिया जारी

मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि उनकी प्राथमिकता किराए को कम रखना है ताकि अधिक से अधिक लोग इस सेवा का लाभ ले सकें। उनका तर्क है कि यदि बिजली महंगी होगी, तो किराया भी बढ़ेगा और लोग ऑटो या बस जैसी सस्ती सेवाएं चुन सकते हैं, जिससे मेट्रो सेवा का उद्देश्य कमजोर पड़ जाएगा।

शुरुआत में तीन कोच वाली मेट्रो ट्रेन चलाई जाएगी, जिसमें करीब 150 यात्री बैठ सकेंगे। भविष्य में जरूरत के अनुसार कोचों की संख्या बढ़ाकर आठ तक की जा सकेगी। किराया 10 से 60 रुपये के बीच होने की संभावना है, और दूरी के आधार पर विशेष फॉर्मूला लागू होगा—जहां कम दूरी पर प्रति किलोमीटर दर अधिक होगी और लंबी दूरी पर दर कम होगी।

पटना जंक्शन से रुकनपुरा तक अंडरग्राउंड मेट्रो का प्रस्ताव

इसके अतिरिक्त, पटना जंक्शन से रुकनपुरा के बीच अंडरग्राउंड मेट्रो परियोजना भी प्रस्तावित है, जिसे जापान की एजेंसी जायका (JICA) के सहयोग से पूरा किया जाएगा। हालांकि फंडिंग में देरी के चलते इस प्रोजेक्ट की शुरुआत नहीं हो पाई है।

गौरतलब है कि पटना मेट्रो रेलवे से अलग होगी। इसका संचालन सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक किया जाएगा, जबकि भारतीय रेलवे का परिचालन 24 घंटे चलता है और वह मालगाड़ियों का संचालन भी करता है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article