बिहटा में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, अवैध हथियारों के साथ पांच अपराधी गिरफ्तार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 27 जुलाई। राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को समय रहते विफल करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से एक देशी कारबाइन, एक देशी कट्टा, 34 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और करीब 300 एमएल शराब बरामद की गई है।

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) संकेत कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बहपुरा बाजार स्थित सनराइज सिटी कार्यालय के समीप कुछ अपराधी अवैध हथियारों के साथ शराब पार्टी कर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, दानापुर के नेतृत्व में बिहटा थाना पुलिस की विशेष टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई।

पुलिस टीम को देखते ही मौजूद अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कारबाइन, एक देशी कट्टा, 34 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल तथा लगभग 300 एमएल शराब बरामद की गई।

सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस संबंध में बिहटा थाना कांड संख्या 737/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस सभी आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article