NEWS PR डेस्क: नवादा, 26 अप्रैल। राज्य में अपराध के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के बीच रविवार सुबह नवादा जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। रोह थाना क्षेत्र के कोशी गांव के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक इनामी अपराधी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, घायल अपराधी की पहचान टिंकू यादव के रूप में हुई है, जो अशोक मिस्त्री हत्याकांड में नामजद था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बताया जा रहा है कि वह जमुई जिले के लछुआड़ इलाके का रहने वाला है और कई अन्य आपराधिक मामलों में भी वांछित था।
गुप्त सूचना के आधार पर एसआईटी, जिला आसूचना इकाई और स्थानीय पुलिस ने एक सुनसान राइस मिल परिसर की घेराबंदी की, जहां अपराधियों के छिपे होने की आशंका थी। पुलिस टीम ने जब संदिग्धों को सरेंडर करने को कहा, तभी उनकी ओर से अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें टिंकू यादव के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से देशी कट्टा और कारतूस भी बरामद किए हैं। घायल अपराधी का फिलहाल इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले पटना में भी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वेलरी शॉप लूटकांड के आरोपी दिलीप कुमार को मुठभेड़ में मार गिराया था। इस मामले की पुष्टि पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने की थी।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए है और वांछित आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चला रही है।