राहुल राय हत्याकांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, जमीन और वर्चस्व विवाद में गोली मारने का आरोप; नामजद आरोपी विनोद सिंह गिरफ्तार

Shreya Raj
राहुल राय हत्याकांड में नामजद आरोपी विनोद सिंह को गिरफ्तार कर पुलिस ने लिया हिरासत में।

NEWS PR डेस्क: भागलपुर/नवगछिया: नवगछिया थाना क्षेत्र के पकड़ा गांव में 13 अगस्त 2026 को हुए राहुल राय हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी विनोद सिंह, पिता महेंद्र सिंह, निवासी पकड़ा, दोनीयां टोला, थाना नवगछिया, जिला भागलपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।

13 अगस्त को गोली मारकर हुई थी राहुल राय की हत्या

पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 अगस्त को पकड़ा गांव में एक व्यक्ति को गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नवगछिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) नवगछिया, नवगछिया थाना पुलिस और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची।

घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए गए। मृतक राहुल राय के पिता के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।

हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए बनाई गई थी SIT

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हत्याकांड के उद्भेदन के लिए एक विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर 26 अगस्त 2026 को विनोद सिंह को जीरोमाइल से गिरफ्तार किया गया।

जमीन और इलाके में वर्चस्व को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी विनोद सिंह ने बताया कि मृतक राहुल राय और उसके भाई के साथ पहले से जमीन और क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था।

आरोपी के अनुसार, घटना वाले दिन राहुल राय को चाय पीने के बहाने मोटरसाइकिल से पकड़ा हाई स्कूल ले जाया गया। वहां आरोपी के भाई पिंटू सिंह समेत अन्य लोग भी पहुंचे थे।

विवाद के बाद राहुल राय को मारी गोली

पुलिस के अनुसार, पकड़ा हाई स्कूल के पास पुराने विवाद को लेकर राहुल राय और आरोपियों के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान राहुल राय को गोली मार दी गई।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद राहुल राय के शव को विक्रमशिला पुल से गंगा नदी में फेंक दिया गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था।

अन्य आरोपियों की तलाश और भूमिका की जांच जारी

फिलहाल नवगछिया पुलिस इस हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

भागलपुर से रिपोर्टर : श्यामानंद सिंह

Share This Article